अभिनेता सुशांत सिंह की मौत को लेकर मुंबई पुलिस और बिहार पुलिस के बीच चल रहा मतभेद खुलकर सामने आने लगा है। सुशांत सिंह राजपूत के मौत के मामले की जांच करने के लिए मुंबई पहुंचे पटना के सिटी एसपी विनय तिवारी को बीएमसी रात को क्वारंटाइन कर दिया। जिसके चलते मामला और विवादित हो गया है। दरअसल बिहार पुलिस शुरू से ही
इस मामले में मुंबई पुलिस के रवैए से विचलित है। बिहार पुलिस के आईपीएस विनय तिवारी सुशांत सिंह की मौत के मामले की जांच करने के लिए मुंबई गए हैं। बताया जा रहा है कि तिवारी को मुंबई में आईपीएस मैस में रहने के लिए जगह भी नहीं दी गई। इसके बाद उन्होंने निजी तौर पर अपने रहने की व्यवस्था की है। इसके बाद बीएमसी के अधिकारियों ने उनसे उनके निवास स्थान की जानकारी ली और क्वॉरेंटाइन कर दिया।
हालांकि बीएमसी ने अपनी सफाई देते हुए कहा है कि पटना पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी को नियम के अनुसार घरेलू आगमन के वर्तमान गाइड लाइन के अनुसार क्वारन्टाइन किया गया है। बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने देर रात ट्वीट करके बताया कि मौत की जांच करने के लिए बिहार पुलिस टीम का नेतृत्व करने हेतु आईपीएस विनय तिवारी मुंबई पहुंचे लेकिन उन्हें क्वारंटाइन कर दिया। अनुरोध के बावजूद उन्हें आईपीएस मैस में जगह नहीं दी गई।
इस बीच बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा है कि जब बीएमसी ने पटना ऐसा किया तो स्वाभाविक है कि महाराष्ट्र सरकार इस में सहमति होगी। मुंबई पुलिस जांच में सहयोग नहीं दे रही है। मुंबई पुलिस सुशांत सिंह के केस की जांच को गलत दिशा में ले जा रही थी। जब से बिहार पुलिस ने इस मामले को लिया है तब से वह जांच की सही दिशा में ले जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सुशांत की आत्महत्या के 50 दिन हो चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक यह मामला किसी एक दिशा में जाता हुआ नहीं दिखाई दे रहा।