देश के कपड़ा कारोबारियों को मिलेगा मंच — ‘बिज़नेस आइकॉन अवॉर्ड ऑफ द ईयर–2025’ पहली बार आयोजित

Spread the love

सूरत। देश के कपड़ा उद्योग से जुड़े बड़े व्यापारी अब एक ही मंच पर सम्मानित होंगे। आढ़तिया कपड़ा एसोसिएशन (AKAS) सूरत पहली बार देश में “बिज़नेस आइकॉन अवॉर्ड ऑफ द ईयर – 2025” का आयोजन करने जा रही है। यह कार्यक्रम कपड़ा व्यापार में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कारोबारियों को सम्मानित करने का एक बड़ा मंच बनने जा रहा है। आयोजकों का मानना है कि यह अवॉर्ड समारोह व्यापारियों के लिए “बूस्टर एनर्जी” का काम करेगा।

इस सम्मान समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री के साथ ही आढ़तिया कपड़ा एसोसिएशन सूरत के अध्यक्ष प्रहलाद जी अग्रवाल पुरस्कार प्रदान करेंगे। बताया जा रहा है कि देशभर के प्रमुख कपड़ा कारोबारी इस आयोजन से जुड़ने वाले हैं।

65 वर्ष पुरानी आढ़तिया कपड़ा एसोसिएशन सूरत, कपड़ा व्यापार जगत की सबसे प्राचीन संस्थाओं में से एक है। इससे देशभर के फैब्रिक संगठन, एजेंट और आढ़तिया जुड़े हुए हैं। पिछले तीन वर्षों में AKAS ने व्यापार सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं—चाहे पेमेंट से जुड़े विवाद हों या उद्योग की प्रगति को लेकर कार्य, संस्था लगातार सक्रिय रही है। इसी कड़ी में व्यापारियों को प्रोत्साहित करने और उद्योग को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से यह अवॉर्ड कार्यक्रम आयोजित हो रहा है।

सूरत का कपड़ा उद्योग देश का सबसे बड़ा टेक्सटाइल हब माना जाता है। यहां रोजाना लगभग 3.5 करोड़ रुपए के कच्चे माल का उत्पादन होता है। शहर में 350 से अधिक प्रोसेस हाउस, करीब 350 कपड़ा मिलें, लगभग 1.5 लाख एंब्रॉयडरी यूनिट्स, और 1.5 लाख से अधिक लूम्स व मशीनें कार्यरत हैं। पूरा उद्योग मिलकर करीब 68,000 करोड़ रुपए का वार्षिक कारोबार करता है, जो लगातार बढ़ता जा रहा है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और वेबसाइट आधारित व्यापार के कारण सूरत देशभर में फैब्रिक ट्रेडिंग का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

इन्हीं उपलब्धियों और उद्योग की प्रगति को देखते हुए आढ़तिया कपड़ा एसोसिएशन ने ‘बिज़नेस आइकॉन अवॉर्ड ऑफ द ईयर–2025’ का आयोजन कर कारोबारियों को नए उत्साह के साथ आगे बढ़ने का अवसर देने का निर्णय लिया है।