
सूरत। सूरत मर्केन्टाइल एसोसिएशन की 210वीं नियमित साप्ताहिक समस्या-समाधान बैठक का आयोजन रविवार, 30 नवम्बर 2025 को प्रातः 9:30 से 10:30 बजे तक माहेश्वरी भवन, चौथा माला, वैन्कट हाल, सीटी लाइट में हुआ। बैठक की अध्यक्षता एसएमए प्रमुख नरेन्द्र साबू, पंच पैनल और कोर कमेटी टीम ने की।बैठक में 112 व्यापारी उपस्थित रहे, जबकि 11 आवेदन-पत्रों पर सुनवाई हुई। इनमें से एक मामले का समाधान तत्काल कर दिया गया, वहीं शेष आवेदन पंच पैनल एवं लीगल टीम को सौंप दिए गए हैं, जिन पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली बाद देशभर में ग्राहकी कमजोर, पोंगल सीजन भी फ्लॉप
बैठक में चर्चा का मुख्य विषय रहा कि दीपावली के बाद पूरे देश में ग्राहकी अत्यंत कमजोर रही है।दक्षिण भारत का प्रमुख पोंगल सीजन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ और बाजार में केवल 40–50% तक ही कारोबार रहा।दक्षिण भारत में अनियमित वर्षा और तूफान को इसका प्रमुख कारण बताया गया।बड़े कारोबारी समूह छोटे शहरों में अपने विशाल शोरूम खोल रहे हैं, जिससे छोटे व्यापारियों का व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।आगामी नवंबर, दिसंबर और जनवरी—लगातार तीन महीने तक कोई शुभ मुहूर्त (लग्न) नहीं रहने से व्यापार पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है।
टेक्सटाइल व्यापार गंभीर संकट में; उधारी 120 से 180 दिन तक पहुँची
बैठक में बताया गया कि सूरत का टेक्सटाइल व्यापार लगातार दबाव में है।मैन्युफैक्चरर ग्रे या फिनिश कोई भी माल खरीदता है तो मिल, पैकिंग या रॉ मटेरियल पर समय सीमा के बाद ब्याज लग जाता है।लेकिन व्यापारी द्वारा बेचे गए माल की उधारी 120 से 180 दिन तक बढ़ चुकी है और उस पर कोई ब्याज नहीं मिलता।रिटर्न गुड्स की मार भी झेलनी पड़ रही है, जिससे व्यापार अत्यंत गंभीर स्थिति में पहुँच गया है।एसोसिएशन ने आशंका जताई कि यदि यही स्थिति बनी रही तो सूरत के लगभग 70% छोटे व्यापारियों का भविष्य संकट में पड़ सकता है और कई व्यापारी व्यवसाय छोड़ने या पलायन की स्थिति में आ सकते हैं।
कालूपुर कोऑपरेटिव बैंक विशेष अतिथि, साइबर सुरक्षा पर सेमिनार आयोजित
आज की बैठक में दक्षिण भारत की प्रसिद्ध कालूपुर कोऑपरेटिव बैंक को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।
5 दिसंबर को बैंक अपना 56वां स्थापना दिवस मना रही है। नवंबर माह को बैंक द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत एसोसिएशन में एक बड़ा साइबर सुरक्षा सेमिनार आयोजित किया गया।
साइबर सुरक्षा जागरूकता: मुख्य बिंदु
फाइनेंशियल फ्रॉड: निवेश, ट्रेडिंग स्कैम, फर्जी लोन ऐप्स और डिजिटल गिरफ्तारी जैसे मामले बढ़ रहे हैं।रैंसमवेयर हमले: कई बड़ी कंपनियाँ और संस्थाएँ निशाने पर हैं।फिशिंग एवं पहचान चोरी: अज्ञात ईमेल व लिंक के माध्यम से डेटा चोरी के प्रयास।
सुरक्षा उपाय:
सॉफ़्टवेयर नियमित रूप से अपडेट रखें
मजबूत एवं अनोखे पासवर्ड का उपयोग
फिशिंग से सावधानी
महत्वपूर्ण डेटा का बैकअप
अल्पाहार के साथ बैठक सम्पन्न
बैठक का समापन स्वादिष्ट अल्पाहार के साथ किया गया।
बैठक में एसएमए परिवार के राजीव उमर, महेश पाटोदिया, राजकुमार चिरानिया, दुर्गेश टिबडेवाल, घनश्याम माहेश्वरी, मनोज अग्रवाल, रामकिशोर बजाज, अरविंद जैन सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
विशेष अतिथि—
ओमप्रकाश सतनालीवाला, सुशील मित्तल, द्वारका राठी, पुष्पा सोमानी, संतोष जाजू, सरला मालू, बिना तोषनीवाल सहित कई गणमान्य सदस्यों की उपस्थिति रही।